अभी तक क्रिकेट से फिक्सिंग का साया हटा नहीं है। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद से एक बुकी ने स्पॉट फिक्सिंग के लिए संपर्क किया, जिसकी शिकायत इस खिलाड़ी ने तुरंत टीम प्रबंधन को करी। बुकी ने अभी चल रहे एशिया कप में शहजाद से संपर्क किया और उनसे 5 से 23 अक्टूबर तक होने वाली अफगान प्रीमियर लीग में खराब प्रदर्शन करने को कहा।
ईएसपीएन क्रिकइंफो वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, खिलाड़ी ने तुरंत इसकी शिकायत टीम प्रबंधन से की। टीम प्रबंधन ने इस संबंध में सभी नियमों का पालन करते हुए आईसीसी के भ्रष्टाचार विरोधी इकाई (एसीयू) को सूचित कर दिया। शहजाद को पाखित्या फ्रेंचाइजी ने खरीदा है जिसमें न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मॅक्कुलम, पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी और वेस्ट इंडीज के क्रिस गेल जैसे खिलाड़ी हैं।
इस मामले को सही तरीके से शनिवार को आईसीसी को सुपुर्द कर दिया गया है जिसे एसीयू देख रही है। यहां एक मीडिया इवेंट में बात करते हुए आईसीसी की एसीयू के मुखिया एलेक्स मार्शल ने माना कि बीते एक साल में पांच अंतरराष्ट्रीय टीमों के कप्तानों से फिक्सिंग के लिए संपर्क किया गया। पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद ने पिछले साल श्रीलंका सीरीज के दौरान इस बात को सामने रखा था और वह ऐसा करने वाले पहले कप्तान हैं।
0 comments:
Post a Comment